उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
भटवाड़ी विकासखंड के अंतर्गत पिलंग गांव को जोड़ने वाले निर्माणाधीन 48 मीटर स्पान स्टील गार्डर मोटर पुल को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और Gangotri News Express द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला। खबर के बाद जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को जमकर फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप आगामी 15 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत रखने तथा आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।
गौरतलब है कि Gangotri News Express ने इस पुल निर्माण में हो रही देरी, जनता की परेशानी और जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने की मजबूरी को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और जिलाधिकारी को स्वयं मौके पर पहुंचना पड़ा।
इस दौरान ग्राम प्रधान पिलंग, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि, डीडीएमओ शार्दुल गुसाईं, ब्रिडकुल कनिष्ठ अभियंता अनुराग चौहान, मंजीत सिंह सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

