देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश में पहली बार आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान शासन के वरिष्ठ अधिकारियों, मंत्रीगण, प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों तथा स्कूलों और डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन की ऐतिहासिक सफलता को किया याद

गौरतलब है कि 28 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में निर्माण कार्य के दौरान 41 श्रमिक फंस गए थे। लंबे और चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। यह अभियान देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आपदा प्रबंधन, तकनीकी दक्षता, धैर्य और मानवीय साहस की एक मिसाल बना।
इसी ऐतिहासिक रेस्क्यू ऑपरेशन की स्मृति में प्रदेश में 25 से 28 नवंबर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।
आपदा से निपटने के लिए तैयारियों को मिलेगा नया आयाम
इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक करना, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम के माध्यम से स्कूली बच्चों, युवाओं, अधिकारियों और आम नागरिकों को आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों एवं बचाव के तरीकों की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सिलक्यारा की ऐतिहासिक सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीक के सहारे बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।

