उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है। अपनों के आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी को आग में गंवा चुके परिवारों के बीच गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द सुना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
हर प्रभावित पात्र परिवार को मकान बनाने के लिए 5 लाख रुपये
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार को अपना मकान दोबारा बनाने के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को 6 महीने तक राशन उपलब्ध कराया जाएगा। जिन परिवारों के सामने रहने का संकट है, उनके लिए किराये के आवास की व्यवस्था भी सरकार करेगी।
मुख्यमंत्री ने आग से तबाह हुए आवासीय भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया और पीड़ितों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को इस संकट से बाहर निकालकर दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटाना है।
अधिकारियों को सख्त निर्देश, राहत और पुनर्वास में न हो लापरवाही

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित परिवार की जरूरत के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। भोजन, आवास, राशन और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की विशेष जरूरतों का ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने उठाईं क्षेत्र की प्रमुख मांगें

इस दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों की समस्याओं के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं। इनमें प्रभावित किसानों के ऋण माफ करने, गांवों में पानी के भंडारण के लिए टैंकों का निर्माण, पवाणी और ओसला के बीच हेलीपैड, गंगाड़ से सीमा-ओसला तक मोटर मार्ग तथा मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग शामिल है।
विधायक ने पवाणी गांव को गोद लेकर उसके पुनर्वास और विकास के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने का भी अनुरोध किया।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में राहत एवं पुनर्वास कार्य जारी
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में जुटा है। पीड़ितों के रहने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने को कहा गया है।

