जिला मुख्यालय के नजदीक सड़क को तरसता पोखरी गांव, डंडी-कंडी बनी जिंदगी का सहारा

उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी… लेकिन विकास की तस्वीर ऐसी कि आज भी मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए डंडी-कंडी का सहारा लेना पड़ रहा है। जी हां! हम बात कर रहे हैं बाड़ागड्डी क्षेत्र के पोखरी गांव की, जहां सड़क सुविधा के अभाव में एक 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला को हार्ट अटैक आने पर ग्रामीणों ने डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
सवाल यह है कि जब जिला मुख्यालय के इतने नजदीक यह हाल है, तो दूरस्थ गांवों की स्थिति क्या होगी?
बुधवार सुबह पोखरी गांव निवासी 67 वर्षीय नत्थी देवी पत्नी जमन सिंह राणा को अचानक हार्ट अटैक आ गया। परिवार में अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्ग महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, लेकिन गांव तक सड़क न होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकती थी। ऐसे में ग्रामीणों ने डंडी-कंडी का सहारा लिया और कंधों पर उठाकर बुजुर्ग महिला को किसी तरह मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।

हैरानी देखिए! उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर बसे इस गांव में आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा नहीं है। गांव में कोई बीमार हो जाए, बुजुर्ग को अस्पताल ले जाना हो या किसी गर्भवती महिला को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना हो, हर बार ग्रामीणों को इसी मुश्किल से गुजरना पड़ता है।
एक तरफ पहाड़ में विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जिला मुख्यालय के नजदीक ही ग्रामीणों को आपातकालीन स्थिति में डंडी-कंडी के सहारे जिंदगी बचाने की जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
ग्रामीण वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग आज भी धरातल पर पूरी होती नजर नहीं आ रही है।
अब सवाल सीधे शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से है…
आखिर पोखरी गांव को सड़क सुविधा से कब जोड़ा जाएगा?
क्या किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी?
जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर दूर अगर मरीज को आज भी डंडी-कंडी से सड़क तक पहुंचाना पड़े, तो विकास के दावों की हकीकत पर सवाल उठना लाजिमी है।
ग्रामीणों की मांग है कि पोखरी गांव को जल्द सड़क सुविधा से जोड़ा जाए, ताकि किसी की जिंदगी रास्ते में ही दांव पर न लगे।

ये भी पढ़ें:  दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस 7 क़ी मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *