उत्तरकाशी की दुर्गम वादियों में पहुंचे जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, ओसला गांव में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद; पर्यटन, रोजगार और नशे के मुद्दे पर दिए अहम निर्देश

उत्तरकाशी जनपद के सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विकासखंड मोरी की सीमांत ग्राम पंचायत ओसला का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच जिलाधिकारी का ओसला पहुंचना सीमांत क्षेत्रों की समस्याओं और विकास की जरूरतों को प्राथमिकता देने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
पर्यटन से खुलेगा रोजगार का रास्ता, ओसला को नई पहचान दिलाने की पहल


भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मोटर मार्ग से ओसला मंदिर परिसर तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क बनने से मंदिर तक पहुंच सुगम होगी और क्षेत्र में पर्यटन एवं ट्रैकिंग गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रस्ताव का परीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ओसला में स्कीइंग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्कीइंग गतिविधियां शुरू करने का सुझाव भी रखा। इस पर जिलाधिकारी ने स्कीइंग संचालन के लिए प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही जिला पर्यटन अधिकारी से वार्ता कर ओसला क्षेत्र को होम स्टे योजना एवं ट्रेकिंग ट्रैक्शन योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इससे क्षेत्र में पर्यटन आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं।
महिलाओं ने उठाई नशे की समस्या, जिलाधिकारी ने दिया कार्रवाई का भरोसा

भ्रमण के दौरान स्थानीय महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी के सामने यह गंभीर सामाजिक समस्या रखी। जिलाधिकारी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि नशे की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
सीमांत गांवों के विकास को लेकर प्रशासन गंभीर
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। स्थानीय संसाधनों, प्राकृतिक सौंदर्य और क्षेत्र की विशिष्टताओं को ध्यान में रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और ग्रामीणों की आर्थिकी को मजबूत करना है।
खास बात यह है कि ओसला जैसे दुर्गम सीमांत गांव तक पहुंचकर जिलाधिकारी ने केवल ग्रामीणों की समस्याएं नहीं सुनीं, बल्कि पर्यटन, सड़क, स्वरोजगार और सामाजिक चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर विभागीय स्तर पर पहल के निर्देश भी दिए। सीमांत गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस | उत्तरकाशी की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और प्रमुखता से।

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने व्यक्ति को मारी जोरदार टक्कर, मौके पर मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *