साहित्य प्रेस परिषद ने नवचयनित PCS अधिकारियों का किया सम्मान, डीएम ने युवाओं को दिए सफलता के मंत्र

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट : महावीर सिंह राणा,
साहित्य प्रेस परिषद के तत्वावधान में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में चयनित अधिकारियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय एवं मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने प्रतिभाग करते हुए नवचयनित अधिकारियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि सिविल सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं ने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित अधिकारी राज्य के विकास और सुशासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

ये भी पढ़ें:  राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज उत्तरकाशी के 16 वर्ष के छात्र कैडेट सचिन कुमार ने किया मॉउंट एवरेस्ट फतह


समारोह की विशेषता यह रही कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को नवचयनित अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, मानसिक दबाव से निपटने के उपाय तथा सफलता की रणनीतियों से जुड़े कई प्रश्न पूछे।
नवचयनित अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को निरंतर प्रयास, धैर्य और दृढ़ संकल्प को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर अपनी कमजोरियों को दूर करना ही सफलता का सबसे प्रभावी मार्ग है।
कार्यक्रम के अंत में साहित्य प्रेस परिषद के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, नवचयनित अधिकारियों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नवचयनित पीसीएस अधिकारी आशुतोष नौटियाल, प्रकृति नेगी, अंबरीश प्रसाद, आशुतोष राणा, गौरव मैठाणी, आयुष बधानी, देवाशीष जगूड़ी, राखी भंडारी, राजेश परमार, शुभम शाह एवं अपूर्वा थपलियाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *