उत्तरकाशी। उपला टकनौर के ग्रामसभा जसपुर में ध्याणियों के मिलन मेले ने लोक संस्कृति, परंपरा और भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर पेश की। गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान के जसपुर पहुंचने पर ग्रामीणों एवं ध्याणियों ने उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान उन्हें ताड़ी नाग देवता का स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
मेले में उस समय उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला, जब विधायक सुरेश चौहान ग्रामीणों के साथ टकनौर क्षेत्र के प्रसिद्ध पारंपरिक रासू नृत्य में शामिल होकर थिरकते नजर आए। ध्याणियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकगीतों के माध्यम से अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों को क्षेत्र में संचालित एवं पूर्ण हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही गंगोत्री विधानसभा में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

विधायक सुरेश चौहान ने ध्याणियों एवं ग्रामवासियों से मिले आत्मीय प्रेम, स्नेह और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, मंडल अध्यक्ष मनोजेंद्र रावत, भेषज संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र रावत, जिला पंचायत सदस्य सोनिका रावत, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख मनोज रावत, मंडल महामंत्री विनोद रावत, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

