उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
यमुनोत्री धाम यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भारी जाम और अव्यवस्था के दावों को प्रशासन ने पूरी तरह भ्रामक बताया है। प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा मैनेजमेंट के तहत भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है।
उप जिलाधिकारी बृजेश तिवारी ने कहा कि वायरल किए जा रहे वीडियो पुराने हैं और कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे चारधाम यात्रा की छवि खराब हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यमुनोत्री पैदल मार्ग संकरा होने के कारण पुलिस और प्रशासन द्वारा समय-समय पर श्रद्धालुओं, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाता है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अफरा-तफरी की स्थिति पैदा न हो।
एसडीएम ने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया यात्रा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का हिस्सा है, लेकिन कुछ लोग इसे “जाम” बताकर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से प्रचारित कर रहे हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यात्रा को बदनाम करने, अफवाह फैलाने और भ्रामक वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
चारधाम यात्रा में इस समय भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और प्रशासन लगातार निगरानी रखते हुए यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने में जुटा हुआ है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक वीडियो या अफवाह पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

