चिन्यालीसौड़/उत्तरकाशी।
टिहरी बांध जलाशय के अंतिम छोर पर जमा हो रही गंदगी और कचरे का मामला अब गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। चिन्यालीसौड़ नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ‘श्याम’ ने इस मामले को लेकर THDC इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर तत्काल संज्ञान लेने और समस्या के समाधान की मांग की है।

नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से 06 अक्टूबर 2026 को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि टिहरी बांध जलाशय का अंतिम छोर चिन्यालीसौड़ पालिका क्षेत्र से लगे नागणी-हिटारा क्षेत्र के समीप पड़ता है। उनके अनुसार, हर वर्ष जलाशय में जमा प्लास्टिक, पॉलीथीन, घरेलू अपशिष्ट और झाड़-झंखाड़ बहकर इस क्षेत्र में जमा हो जाते हैं।
हजारों टन कचरे से फैल रही दुर्गंध का दावा
पत्र में नगर पालिका अध्यक्ष ने दावा किया है कि वर्तमान में भी क्षेत्र में हजारों टन गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे आसपास भीषण दुर्गंध फैल रही है। सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा है कि हाल ही में इसी गंदगी के ढेर से अज्ञात मानव शव और पशुओं के शव मिलने की जानकारी सामने आई है और अन्य शव होने की आशंका भी जताई गई है।

अध्यक्ष ने पत्र में आशंका जताई है कि यदि समय रहते सफाई और उचित प्रबंधन नहीं किया गया तो इससे संक्रामक रोगों और महामारी का खतरा पैदा हो सकता है।
THDC प्रबंधन पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप
मनोज कोहली ‘श्याम’ ने पत्र में कहा है कि यह समस्या हर वर्ष अगस्त माह से सामने आती है, लेकिन उनके अनुसार इसका समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया जाता। उन्होंने इसे पर्यावरण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए THDC प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जिम्मेदार विभागों से भी कार्रवाई की मांग
नगर पालिका अध्यक्ष ने जन स्वास्थ्य और मानव जीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलाशय के अंतिम छोर की व्यापक सफाई एवं निरंतर कचरा प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पत्र की प्रतियां संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और विभागों को भी भेजी गई हैं, ताकि समस्या पर आवश्यक कार्रवाई और निगरानी सुनिश्चित हो सके।
अब देखने वाली बात यह होगी कि THDC प्रबंधन और जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं और जलाशय के अंतिम छोर पर जमा कचरे की समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है।

