उत्तरकाशी
बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, जनपद उत्तरकाशी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एस रावत की अध्यक्षता में भारत सरकार द्वारा संचालित ‘किलकारी’ एवं मोबाइल अकादमी कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना एवं डिजिटल माध्यम से समय पर आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना है।

कार्यशाला में राज्य स्तर से आए प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि ‘किलकारी’ कार्यक्रम भारत सरकार की एक निःशुल्क डिजिटल सेवा है, जिसके अंतर्गत पंजीकृत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को 1600403660 नंबर से फोन कॉल के माध्यम से गर्भावस्था एवं नवजात शिशु देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण सलाह नियमित रूप से प्रदान की जाती है। लाभार्थी अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से 14423 डायल कर भी किलकारी संदेश सुन सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान आशा कार्यकर्त्रियों को मोबाइल आधारित प्रशिक्षण कोर्स ‘मोबाइल अकादमी’ की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि आशा कार्यकर्त्रियां अपने मोबाइल फोन के माध्यम से गर्भावस्था एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त कर सकती हैं। जनपद में शत-प्रतिशत आशाओं द्वारा मोबाइल अकादमी का प्रशिक्षण पूर्ण किया जा चुका है।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि किलकारी सेवा के माध्यम से अधिकाधिक गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को लाभान्वित किया जाए, ताकि उन्हें समयबद्ध एवं सही जानकारी घर बैठे उपलब्ध हो सके। वर्ष के उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के आधार पर ब्लॉक टीम को पुरस्कृत भी किया गया।
उक्त अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ शैलेन्द्र बिजल्वाण, जिला कार्यक्रम प्रबंधक,एन एच एम हरदेव राणा, जिला डाटा मैनेजर राकेश उनियाल, आशा कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सीमा अग्रवाल, श्रीमती रीता चौहान, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, श्री सिद्धांत मेहरा सहित जनपद के समस्त ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं आशा फैसिलिटेटरों ने प्रतिभाग किया।

