यमुनोत्री धाम में उत्तरकाशी पुलिस और सुरक्षा बलों का विशेष स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं से पर्यावरण संरक्षण की अपील

उत्तरकाशी | महावीर सिंह राणा
चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री धाम की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को उत्तरकाशी पुलिस के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में उत्तरकाशी पुलिस, एसडीआरएफ, आईआरबी, एटीएस, फायर सर्विस, होमगार्ड एवं पीआरडी के जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।


अभियान के तहत जवानों ने यमुनोत्री धाम के स्नान घाटों, यमुना नदी के तटों और मंदिर परिसर के आसपास व्यापक सफाई की। इस दौरान नदी में प्रवाहित किए गए वस्त्रों, प्लास्टिक और अन्य कूड़ा-करकट को एकत्रित कर सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य धाम की धार्मिक गरिमा को बनाए रखना, स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

स्वच्छता अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे धाम की पवित्रता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। श्रद्धालुओं से कहा गया कि कूड़ा-करकट केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा वस्त्र, प्लास्टिक या अन्य सामग्री यमुना नदी में प्रवाहित न करें।
उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित तीर्थस्थल केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु के सहयोग से ही संभव हैं। सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं और प्रकृति तथा धार्मिक स्थलों के संरक्षण में योगदान दें।
चारधाम यात्रा के दौरान इस तरह के स्वच्छता अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं, बल्कि श्रद्धालुओं को भी स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ये भी पढ़ें:  चार धाम यात्रा धीरे-धीरे बन रहा है रिदम बारिश के बीच में भी श्रद्धालुओं में देखने को मिल रहा है काफी उत्साह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *