उत्तरकाशी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ परिसर में बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। शिविर में प्रतिभाग करने से पूर्व प्रभारी मंत्री ने इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
शिविर का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य जांच के साथ निशुल्क दवाइयों का वितरण
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक विभाग की ओर से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मधुमेह, ब्लड प्रेशर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए वाहन को दिखाई हरी झंडी
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मत्स्य विभाग के विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन सेवा संकल्प अभियान के तहत प्राकृतिक जलाशयों एवं नदियों में मत्स्य बीज संचयन तथा मत्स्य पालकों को मत्स्य बीज वितरण के उद्देश्य से रवाना किया गया। विभाग के अनुसार इस पहल से जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय मत्स्य पालकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना से काम कर रही सरकार : सौरभ बहुगुणा
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के साथ सरकार सीधे जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले अभियान के दौरान 1,099 शिकायतों का निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन पर्यटन, आदि कैलाश यात्रा और वेडिंग डेस्टिनेशन को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी सरकार का फोकस है।
लाभार्थियों को लाखों रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए। डेयरी विकास विभाग के दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत मंजू देवी को 10 हजार रुपये, विनीता देवी को 7 हजार रुपये और अशरफी देवी को 5 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक दिए गए।
वहीं उद्यान विभाग की ओर से सियाराम को 2.32 लाख रुपये, देवेंद्र सिंह को 2.40 लाख रुपये और सुरेंद्र सिंह को 2.40 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए योजनाओं की जानकारी
शिविर में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सूचना विभाग के सांस्कृतिक दल ‘जी भाई जी’ एवं रामकौशल सांस्कृतिक दल ने गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में जनपद उत्तरकाशी में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में छह बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उनके नजदीक ही मिल सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप पंवार, राम सुंदर नौटियाल, श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, गिरीश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत, राजदीप परमार, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, जिला महामंत्री महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, प्रकाश चंद रमोला, मनीष कुकरेती, चंडी प्रसाद भट्ट सहित जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

