उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट आज अन्नकूट पर्व के पावन अवसर पर विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए 12बजकर 9 मिनट पर बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के पश्चात मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखवा गांव के लिए रवाना हो गई।
परंपरा के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली आज रात्रि विश्राम के लिए मार्कण्डेय में विराजमान होगी। यहां पूरी रात भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह मां गंगा की उत्सव डोली मुखवा गांव पहुंचेगी, जहां मां गंगा अपने शीतकालीन प्रवास के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन देंगी।
इस वर्ष गंगोत्री धाम की यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यात्रा सीजन में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। रिकॉर्ड तोड़ तीर्थयात्रियों की संख्या ने स्थानीय पर्यटन और तीर्थाटन को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।
वहीं मंदिर समिति का मानना है कि इस वर्ष जिस तरह से गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है, उसका सकारात्मक असर शीतकालीन यात्रा पर भी देखने को मिलेगा। समिति को उम्मीद है कि मुखवा गांव में मां गंगा के दर्शन के लिए इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
शीतकालीन यात्रा बढ़ने से स्थानीय होटल व्यवसायियों, ढाबा संचालकों, व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों को रोजगार एवं आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिल सकती है।
उधर, गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद धाम में सन्नाटा पसर गया है। जहां कुछ दिन पहले तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल और जय मां गंगा के जयकारे गूंज रहे थे, वहीं अब मुखवा गांव में मां गंगा के आगमन को लेकर रौनक दिखाई देने लगी है।
अब शीतकाल में मुखवा बनेगा मां गंगा के दर्शनों का प्रमुख केंद्र, श्रद्धालुओं को मां गंगा के दर्शन के लिए करना होगा मुखवा का रुख।

