उत्तरकाशी, मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन शुक्रवार को उत्तरकाशी जिले में सामरिक, ग्रामीण आजीविका और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का जायजा लेने के साथ ग्राम मल्ली में सर्वशक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। इसके बाद पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली पहुंचकर शिक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।

चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का लिया जायजा
दौरे की शुरुआत में मुख्य सचिव चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचे। उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित हवाई पट्टी पर उपलब्ध विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों से वर्तमान व्यवस्थाओं एवं प्रस्तावित विस्तार योजनाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चीन सीमा से निकटता के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन, आपातकालीन रेस्क्यू और वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्य सचिव ने हवाई पट्टी से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

सर्वशक्ति सीएलएफ के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन
इसके बाद मुख्य सचिव विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने ‘सर्वशक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) तुल्याड़ा’ के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों और स्वरोजगार के अनुभवों की जानकारी ली। महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों का अवलोकन करते हुए मुख्य सचिव ने महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।
महिलाओं ने बताया कि यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना एवं आईएफएडी के वित्तीय और तकनीकी सहयोग से क्लस्टर से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

क्लस्टर के माध्यम से बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पाद एवं अचार निर्माण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत भी मौजूद रहे।
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली में छात्रों से किया संवाद
दौरे के अगले चरण में मुख्य सचिव विकासखंड डुंडा के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली पहुंचे। उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनके अध्ययन एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने, चुनौतियों का निडरता से सामना करने तथा अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेधावी और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
मुख्य सचिव ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित कक्षा 12 के छात्र राजीव तथा कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित कक्षा 11 के छात्र शुभम को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा गृह परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश एवं अस्मित तथा परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर छात्राओं निधि भट्ट एवं अनुष्का को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य सचिव ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी इन प्रतिभावान छात्रों से प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन सिंहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

