उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी, 19 जून। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को जिला सभागार में सांसद टिहरी गढ़वाल माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पीएमजीएसवाई एवं ब्रिडकुल के अधिशासी अभियंताओं की अनुपस्थिति पर सांसद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनके तबादले की संस्तुति करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर चर्चा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नौगांव, बड़कोट एवं पुरोला क्षेत्रों में चिकित्सकों और सफाई कर्मियों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों के पोस्टमार्टम की सुविधा सीएचसी चिन्यालीसौड़ एवं पुरोला में उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि परिजनों और तीमारदारों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

सांसद ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
दूरसंचार सेवाओं पर जताई चिंता
दूरसंचार सेवाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों में नेटवर्क व्यवस्था की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई मोबाइल टावर स्थापित होने के बावजूद नेटवर्क सेवाएं सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रही हैं, जिससे ग्रामीण जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंद अथवा प्रभावित मोबाइल टावरों को शीघ्र चालू कर नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।
कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने पर जोर
कृषि विभाग की समीक्षा में सांसद ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु खेतों की घेरबाड़ सहित प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं उद्यान विभाग को जिले में बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।

विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा
बैठक में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, डिजिटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, एकीकृत विद्युत विकास योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रर्बन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, समेकित बाल विकास योजना, मिड-डे मील, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
सांसद ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की, जिससे आम जनता को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो सके।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विधायक सुरेश चौहान, संजय डोभाल, राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान, प्रताप पंवार, रामसुंदर नौटियाल, प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, निशिता शाह, रणबीर सिंह, रणदेव राणा, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, भूपेन्द्र सिंह चौहान, विनोद डोभाल, सदस्य मुकेश टम्टा, देशराज बिष्ट, आनंदी राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

