उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। पिछले वर्षों में सामने आए कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मामलों को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस एवं जिला प्रशासन ने इस बार पहले से ही सख्त तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र अलर्ट मोड पर है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मनेरा, उत्तरकाशी स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों, परीक्षा कक्षों, सीटिंग व्यवस्था तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए परीक्षा संचालन से जुड़े प्रत्येक पहलू का बारीकी से निरीक्षण किया।

एसपी कमलेश उपाध्याय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा सुरक्षा संबंधी चुनौती को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस बल, अभिसूचना इकाई (LIU) एवं एसओजी टीमों को सतत निगरानी बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और होमस्टे की नियमित जांच, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन तथा परीक्षा की गोपनीयता को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग तथा हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) सहित आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश न मिल सके।
पुलिस एवं प्रशासन की सभी इकाइयों को समन्वय के साथ कार्य करने तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा आगामी 28 जून को आयोजित की जानी है। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस और जिला प्रशासन किसी भी संभावित गड़बड़ी को रोकने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, एसडीएम भटवाड़ी शॉलिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार, निरीक्षक अभिसूचना विकास नौटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

