उत्तरकाशी। यमुनोत्री विधानसभा की विकास योजनाओं में कथित उपेक्षा और जिला योजना में भेदभाव के आरोपों को लेकर शुक्रवार को उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट में जमकर सियासी गर्माहट देखने को मिली। यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल हजारों समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
विधायक ने आरोप लगाया कि जिला योजना में यमुनोत्री विधानसभा के साथ विकास कार्यों को लेकर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल समेत कई जरूरी विकास कार्यों के प्रस्ताव लंबित पड़े हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल रही है।
विकास में भेदभाव बर्दाश्त नहीं’
प्रदर्शन के दौरान विधायक संजय डोभाल ने दो टूक कहा कि यमुनोत्री की जनता के विकास के अधिकार से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला योजना में पारदर्शिता, विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता देने और कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
उन्होंने मांग की कि ग्राम पंचायतों और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों का निष्पक्ष मूल्यांकन कर दूरस्थ एवं जरूरतमंद क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाए।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वह कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री विधानसभा की जनता के हक और विकास के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विधायक समर्थक, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक नारेबाजी और प्रदर्शन का दौर चलता रहा।

