रक्षाबंधन पर खाकी की कलाई पर बंधा स्नेह और विश्वास का रक्षासूत्र

उत्तरकाशी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिस कार्यालय उत्तरकाशी में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ सामाजिक सौहार्द और विश्वास का संदेश देखने को मिला। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, उत्तरकाशी की ब्रह्माकुमारी बी.के. सरिता जी एवं अन्य प्रतिनिधियों ने शनिवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय से शिष्टाचार भेंट की।


इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने पुलिसकर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने ब्रह्माकुमारी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षासूत्र केवल भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास, आत्मीयता और सहयोग के मजबूत रिश्ते का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, सकारात्मक सोच और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
एसपी ने नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योग और मेडिटेशन स्वस्थ, संतुलित एवं सुखी जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। विशेष रूप से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से भविष्य में “सशक्त युवा–सशक्त समाज” की भावना के अनुरूप विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  ब्रेकिंग न्यूज़ जुणगा पट्टी भण्डारस्यूं तहसील डुण्डा मकानी सिंह भंडारी पर भालू के द्वारा अचानक हमला कर किया घायल


कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा युवाओं को नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से बी.के. प्रीति, बी.के. अनु, बी.के. सुमन थपलियाल सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *