उत्तरकाशी बर्नीगाड़ से धामी सरकार का बड़ा विकास संदेश, 215 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात

उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसेवा शिविर के दौरान क्षेत्र के विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। मुख्यमंत्री ने यहां 215 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, आधारभूत ढांचे, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


कार्यक्रम के दौरान कुल 194 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत के 30 कार्यों का शिलान्यास किया गया, जबकि 22 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत के 8 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस प्रकार कुल 38 विकास कार्यों के माध्यम से पुरोला विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं को गति देने का प्रयास किया गया है।
 पीएमजीएसवाई के 18 कार्यों पर 176.87 करोड़ रुपये खर्च होंगे

ये भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु व्यापक तैयारियां पूर्ण


शिलान्यास किए गए कार्यों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) खंड पुरोला की प्रमुख हिस्सेदारी रही। इसके अंतर्गत 176 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत के 18 कार्यों का शिलान्यास किया गया। वहीं, लोक निर्माण विभाग पुरोला के 6 करोड़ रुपये के 5 कार्य, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के 6 करोड़ 61 लाख रुपये के 4 कार्य तथा सिंचाई खंड पुरोला के 5 करोड़ 12 लाख रुपये के 3 कार्य भी शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ ही आवागमन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
 22.36 करोड़ के 8 विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 22 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत के 8 कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें लोक निर्माण विभाग बड़कोट का 97 लाख रुपये की लागत का एक कार्य, समग्र शिक्षा के अंतर्गत 1 करोड़ 25 लाख रुपये के तीन कार्य, माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत 1 करोड़ 36 लाख रुपये का एक कार्य और पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के अंतर्गत 18 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत के तीन कार्य शामिल हैं।

ये भी पढ़ें:  एशिया के सबसे बड़े बांध की झील उत्तरकाशी तक पहुंची, लेकिन झील किनारे बसे गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं की राह ताक रहे


इन कार्यों के लोकार्पण से क्षेत्र में सड़क और शैक्षणिक सुविधाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
 बर्नीगाड़ को महाविद्यालय भवन और मिनी स्टेडियम की सौगात
जनसेवा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का उद्घाटन कर क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की सौगात दी। साथ ही महाविद्यालय के भवन एवं कैंपस का निर्माण जल्द शुरू कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम निर्माण और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग बनाने की घोषणा भी की।
इसके अलावा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की घोषणा भी की।
विकास योजनाओं से क्षेत्रवासियों को उम्मीदें
बर्नीगाड़ में आयोजित इस कार्यक्रम को पुरोला विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इन योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर रहेंगी, ताकि सड़क, शिक्षा, सिंचाई और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का लाभ धरातल पर आम जनता तक पहुंच सके।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस की विशेष रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *