ब्रेकिंग न्यूज़ उत्तरकाशी में भूकंप के हल्के झटके, लोगों में दहशत; फिलहाल कहीं से नुकसान की सूचना नहीं

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
जनपद उत्तरकाशी में गुरुवार शाम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे भटवाड़ी क्षेत्र के लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक जिले में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी तहसीलों एवं थाना क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी ली गई। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार केवल भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में हल्के झटके महसूस किए गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र पिलंग के जंगलों के आसपास बताया जा रहा है।
भूकंप के झटके हल्के होने के बावजूद लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला। हाल के दिनों में लगातार महसूस हो रहे हल्के झटकों के कारण लोगों की चिंता बढ़ गई है। उत्तरकाशी भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील (रीजन ज़ोन-5) क्षेत्र में आता है और वर्ष 1991 के विनाशकारी उत्तरकाशी भूकंप की यादें आज भी लोगों के मन में ताज़ा हैं। यही कारण है कि हल्के झटके भी लोगों को सतर्क और चिंतित कर देते हैं।
जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराएं नहीं और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भूकंप के दौरान क्या करें?
घबराएं नहीं, शांत रहें।
यदि घर के अंदर हैं तो मजबूत मेज या दीवार के सहारे “ड्रॉप, कवर और होल्ड” अपनाएं।
झटके रुकने के बाद ही खुले स्थान पर जाएं।
लिफ्ट का प्रयोग न करें।
बिजली के तारों, पुराने भवनों और ढलानों से दूर रहें।
किसी भी अफवाह या अपुष्ट संदेश को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस लोगों से अपील करता है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी आपात सूचना के लिए प्रशासन के आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।

ये भी पढ़ें:  कैंची धाम के पास हुआ बड़ा सड़क हादसा तीन लोगों की हुई मृत्यु।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *