उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
हरेला पर्व के पावन अवसर पर गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के ग्राम किशनपुर, धनपुर और अलेथ में आयोजित आस्था, संस्कृति एवं लोक परंपराओं के प्रतीक पारंपरिक फुलाई मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चन्दन सिंह पंवार मुख्य रूप से शामिल हुए।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य शंकर सिंह गुसांई के साथ चन्दन सिंह पंवार ने भगवान नागराजा छत्र घंडियाल देवता के पावन दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
मेले के दौरान उन्होंने क्षेत्र के बुजुर्गों, मातृशक्ति, युवाओं एवं ग्रामवासियों से आत्मीय भेंट-मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के मार्ग पर निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।

चन्दन सिंह पंवार ने कहा कि हमारी लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक मेले हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। फुलाई मेले में छोटे बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र हरेला पर्व की उल्लासमयी रंगत में रंगा नजर आया।

