लोकपर्व हरेला पर उत्तरकाशी पुलिस का वृहद वृक्षारोपण अभियान, प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन तथा हरित भविष्य के लिए दिया जनसंदेश

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
हरेला पर्व के अवसर पर जनपद उत्तरकाशी में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। जिले के मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।


मुख्य कार्यक्रम के उपरांत गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भटवाड़ी तहसील के नेताला भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान भूमि संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने कहा कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में पौधारोपण से मिट्टी के कटाव को रोकने और क्षेत्र की पारिस्थितिकी को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज मनेरी में प्रधानाचार्य गुलाब सिंह मेहर के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने हरेला पर्व उत्साहपूर्वक मनाया। विद्यालय परिसर में आड़ू, खुबानी, अनार, भमोर, तेजपत्ता, गुरियाल, मणिपुरी बांज एवं चूली सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इधर, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित मुख्य वृक्षारोपण अभियान में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पौधे लगाए। इसके बाद उन्होंने वन विभाग के तत्वावधान में चींवा, नाल्ड गांव में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी सहभागिता की और वन विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के संकल्प को दोहराया।

ये भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा एक दिन के लिए स्थगित


इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, डीएफओ डी.पी. बलूनी, एडीएम मुक्ता मिश्र, सीएमओ डॉ. बी.एस. रावत, द्वारिका सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हरेला पर्व के अवसर पर जनपदभर में आयोजित इन कार्यक्रमों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी का प्रेरणादायी संदेश दिया। प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का भी आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *