उत्तरकाशी।
जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के तत्वावधान में बड़कोट में आयोजित दो दिवसीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में जनपद के पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय तथा उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अधिवेशन में “चारधाम यात्रा में मीडिया की भूमिका” विषय पर विस्तृत चर्चा आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारिता की जिम्मेदारियों, चुनौतियों और समाज में मीडिया की सकारात्मक भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर समाज में प्रेरणादायी कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। रवांई क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली रवांई रसोई की संचालिका श्रीमती जमुना रावत को गढ़ भोज गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
चारधाम यात्रा के सफल संचालन एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य तथा पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय को उत्कृष्ट सुशासन गौरव

सम्मान-2026 प्रदान किया गया। वहीं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से जनपद में उल्लेखनीय सेवाएं देने पर जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा को उत्कृष्ट सेवा गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
पत्रकारिता के क्षेत्र में दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार सूरत सिंह रावत, सुरेंद्र भट्ट, रमा भट्ट, डॉ. रामचन्द्र उनियाल, दिनेश रावत तथा राधेकृष्ण उनियाल को देवऋषि नारद गौरव सेवा सम्मान-2026 प्रदान कर संगठन ने सम्मान की नई परंपरा की शुरुआत की।
अपने संबोधन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने कहा कि पत्रकार समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और जिला पत्रकार संघ द्वारा पत्रकार हितों एवं सामाजिक सरोकारों के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने पत्रकारों से तथ्यपरक एवं संतुलित पत्रकारिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी समाचार के प्रकाशन से पूर्व सभी पक्षों की बात को महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने जनपद के प्रेस क्लबों एवं यमुनोत्री प्रेस क्लब को उत्तरांचल प्रेस क्लब से संबद्ध करने की दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन भी दिया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि पत्रकार प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। वे प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा कर कमियों को उजागर करने के साथ-साथ सुधार के सुझाव भी देते हैं। उन्होंने जनहित एवं समाजहित में सकारात्मक पत्रकारिता पर बल दिया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और जनता उनकी खबरों पर विश्वास करती है। इसलिए पत्रकारों को अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचते हुए निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के अध्यक्ष सुनील थपलियाल ने पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तरकाशी जनपद के सभी श्रमजीवी पत्रकारों के लिए 50 लाख रुपये के बीमा कवर, जिला पत्रकार संघ भवन के निर्माण तथा तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यरत पत्रकारों को सरकारी मान्यता प्रदान किए जाने की मांग सरकार के समक्ष रखी।
कार्यक्रम का संचालन संगठन पदाधिकारियों द्वारा किया गया। अधिवेशन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा पत्रकारों की एकजुटता, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसरोकारों के प्रति उनके दायित्वबोध का संदेश देकर सम्पन्न हुआ।

