उत्तरकाशी। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बिगड़े मौसम और भारी बर्फबारी के बीच फंसे ट्रैकर्स एवं सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षित वापसी को लेकर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। सोमवार को गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने उत्तरकाशी स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लिया।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की वर्तमान स्थिति, प्रभावित ट्रैकर्स की लोकेशन, स्वास्थ्य, भोजन, चिकित्सा सहायता और उपलब्ध कराई जा रही अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अभियान में जुटी सभी टीमों के बीच लगातार बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार कालिंदी पास एवं ऑडेन कोल क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण कुल 136 ट्रैकर्स एवं सपोर्ट स्टाफ प्रभावित हुए हैं। इनमें से ऑडेन कोल क्षेत्र से 40 ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि कालिंदी क्षेत्र में मौजूद शेष सदस्यों की सुरक्षित वापसी के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री के निर्देश—हर ट्रैकर और पोर्टर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रत्येक ट्रैकर और पोर्टर की सुरक्षा सरकार एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिस्थितियों के अनुसार हेली रेस्क्यू, चिकित्सा सहायता, भोजन एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ अनुभवी एक्सपीडिशन दलों के सदस्यों ने अपनी इच्छा से फिलहाल उच्च हिमालयी क्षेत्र में रुकने का निर्णय लिया है। मौसम की परिस्थितियां अनुकूल होते ही शेष ट्रैकर्स एवं सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित बाहर लाने की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री, पर्यटक, ट्रैकर और पर्वतारोही की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन एवं अन्य संबंधित टीमें पूरी तत्परता और आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।
गंगोत्री पहुंचे श्रद्धालुओं से भी लिया यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक
आपदा कंट्रोल रूम में रेस्क्यू अभियान की समीक्षा के बाद विधायक सुरेश सिंह चौहान ने गंगोत्री धाम के दर्शन एवं मां गंगा का आशीर्वाद लेने पहुंचे श्रद्धालुओं से भी आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अंत में विधायक सुरेश सिंह चौहान ने मां गंगा एवं बाबा काशी विश्वनाथ से सभी ट्रैकर्स, पोर्टर्स तथा रेस्क्यू अभियान में जुटे जवानों और सदस्यों की सकुशल एवं सुरक्षित वापसी की कामना की।

