उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई स्थानों पर मार्ग बाधित होने के साथ ही बारिश का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घरों तक पहुंचने लगा है। भटवाड़ी ब्लॉक के स्याबा गांव में उपेंद्र सिंह राणा पुत्र रामकृष्ण राणा का मकान बारिश के कारण क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि मकान के पीछे की दीवार टूटने के बाद भवन को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। दीवार टूटने के कारण मकान में दरारें भी पड़ गई हैं, जिसके चलते परिवार के सामने सुरक्षित रहने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। घटना के दौरान घर में उपेंद्र सिंह राणा के चार बच्चे भी मौजूद थे।
दीवार टूटी तो परिवार को घर से निकलना पड़ा
ग्रामीणों के अनुसार लगातार तेज बारिश के बीच मकान के पीछे की दीवार अचानक टूट गई। स्थिति को देखते हुए परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलना पड़ा। मकान में दरारें आने के बाद परिवार में भय का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान लगातार टूट-फूट की आवाजों के कारण परिवार पूरी रात ठीक से सो नहीं पाया। लोगों को आशंका है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो मकान को और नुकसान हो सकता है।
ग्रामीणों की प्रशासन से गुहार—मौके पर पहुंचे पटवारी, हो जांच
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग के पटवारी को तत्काल मौके पर भेजकर मकान और क्षति का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। ग्रामीणों ने जांच के आधार पर प्रभावित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
बारिश के बीच चार बच्चों वाले इस परिवार के सामने अपने आशियाने की सुरक्षा का संकट खड़ा होना चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

