उत्तरकाशी। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय पॉलिटेक्निक, उत्तरकाशी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया।

शिविर के दौरान 38 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जबकि आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं औपचारिकताओं के बाद 10 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
रक्तदाताओं को सम्मान-पत्र देकर किया सम्मानित
रक्तदान के बाद जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.एस. रावत ने सभी रक्तदाताओं को सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
युवाओं और आमजन से नियमित रक्तदान की अपील
शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं एवं आमजन से नियमित रूप से रक्तदान करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी मरीज को कभी भी पड़ सकती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

