मानवीयता की मिसाल: गंगोत्री यात्रा मार्ग पर घायल गाय का पुलिस ने किया रेस्क्यू

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी। गंगोत्री यात्रा मार्ग पर एक हृदयस्पर्शी घटना सामने आई, जहां एक गाय पहाड़ी से गिरकर सड़क किनारे बनी नाली में फंस गई। दर्द से तड़प रही इस बेबस गाय को देख मौके पर मौजूद यात्रियों में चिंता का माहौल बन गया।
इसी दौरान चारधाम यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी हे0का0 ममराज सिंह और का0 विरेन्द्र नेगी ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत स्थिति को संभाला। उन्होंने यात्रियों की मदद से सावधानीपूर्वक गाय को नाली से बाहर निकाला और बिना समय गंवाए पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर उसका उपचार सुनिश्चित कराया।
पुलिसकर्मियों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गाय के कान में लगे टैग के आधार पर उसकी पहचान की। इसके बाद थाने की सहायता से उसके स्वामी का पता लगाकर उन्हें मौके पर बुलाया गया और गाय को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।

भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है, ऐसे में उसकी रक्षा और सेवा को धर्म और कर्तव्य दोनों माना जाता है। उत्तरकाशी पुलिस का यह कार्य न केवल उनकी कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है, बल्कि जीवों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों और यात्रियों द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  धराली आपदा प्रभावितों के सभी आवेदनों को जिलाधिकारी ने बिना देरी के प्रदान की स्वीकृति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *