उत्तरकाशी। अस्सी गंगा घाटी के प्रसिद्ध धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थल डोडीताल को आधिकारिक रूप से पर्यटन सर्किट में शामिल किए जाने की घोषणा के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। डोडीताल मंदिर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विधायक सुरेश सिंह चौहान से शिष्टाचार मुलाकात कर इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा एवं विधायक सुरेश सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डोडीताल केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र ही नहीं, बल्कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण उत्तरकाशी की महत्वपूर्ण पहचान भी है। पर्यटन सर्किट में शामिल होने के बाद डोडीताल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
समिति का कहना है कि इस पहल से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। इसके साथ ही होटल, होम-स्टे, स्थानीय परिवहन, गाइड, ट्रेकिंग तथा अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों से जुड़े व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावना है।
पर्यटन के साथ सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी: विधायक
विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि डोडीताल को पर्यटन सर्किट में शामिल किया जाना अस्सी गंगा घाटी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे क्षेत्र की धार्मिक एवं प्राकृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ना और पर्यटकों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में रखा जाना चाहिए। डोडीताल की पर्यटन क्षमता का योजनाबद्ध तरीके से विकास होने पर इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिल सकेगा।
इस अवसर पर डोडीताल मंदिर समिति, अस्सी गंगा घाटी के अध्यक्ष बलदेव राणा, पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र पंवार, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि राजेश रावत, पूर्व प्रधान महादेव रावत, देवेन्द्र रावत एवं अनिल रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
डोडीताल को पर्यटन सर्किट में शामिल किए जाने पर मंदिर समिति ने विधायक सुरेश चौहान का जताया आभार

