उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
जनपद उत्तरकाशी में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में पुरोला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की और एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुरोला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर ग्राम रौन पुलिया के पास जंगल में छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने मौके से 32 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। बताया जा रहा है कि शराब की तस्करी कर रही दो महिलाएं पुलिस की भनक लगते ही शराब और अपनी कंडी (घिलड़ा) मौके पर छोड़कर फरार हो गईं। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी ओर, पुरोला पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में भी सफलता हासिल की है। धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत वांछित चल रहे अभियुक्त राकेश सिंह पडियार (43 वर्ष) को नौगांव क्षेत्र के मोगरा पुल के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस की सक्रियता पर उठे सवालों के बीच सकारात्मक पहलू भी जरूरी
अक्सर पुलिस की छवि को लेकर समाज में नकारात्मक धारणा बनाई जाती है, लेकिन ऐसे मामलों में पुलिस की सक्रियता और तत्परता यह साबित करती है कि वे समाज में फैली कुरीतियों और अपराधों को खत्म करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
अवैध शराब, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करती है, बल्कि समाज में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ाती है।
पुरोला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 32 लीटर कच्ची शराब बरामद धोखाधड़ी का आरोपी भी गिरफ्तार

