उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
अग्निशमन दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी जनपद में अग्निशमन सेवा सप्ताह का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित हुआ।

फायर स्टेशन लदाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार एवं एफएसएसओ नरेन्द्र सिंह रावत की उपस्थिति में फायर अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और 2 मिनट का मौन रखा।

वहीं फायर स्टेशन बड़कोट में पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा एवं प्रभारी अग्निशमन अधिकारी सूरत सिंह चौहान के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी

कार्यक्रम के बाद सीओ उत्तरकाशी और सीओ बड़कोट द्वारा जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली 14 से 20 अप्रैल तक विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी।
इस वर्ष की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” रखी गई है। इसी क्रम में लदाड़ी, जोशियाड़ा, मातली, ज्ञानसू, मुख्य बाजार, तेखला और बड़कोट क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया गया। लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जानकारी दी गई और पम्पलेट भी वितरित किए गए।

गौरतलब है कि 14 अप्रैल 1944 को बॉम्बे बंदरगाह पर एक जहाज में भीषण आग लगने और विस्फोट के दौरान 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इसी घटना की स्मृति में हर वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस और 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सप्ताह मनाया जाता है।

