टक्कर मारकर भागी इनोवा कार, युवक की टांग फ्रैक्चर, पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोका

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
यमुनोत्री हाईवे पर सोमवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना सामने आई, जहां एक इनोवा कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार होने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की तत्परता से आरोपी वाहन को आगे बैरिकेडिंग पर रोक लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आपातकालीन सेवा 112 पर मोबाइल नंबर 6396181168 से दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। कॉलर किशन कुमार (21 वर्ष), पुत्र राजेंद्र, निवासी बड़कोट ने बताया कि वह अपने भाई शोभित कुमार का उत्तरकाशी में एडमिशन कराने के बाद मोटरसाइकिल संख्या UK 07 AS 9975 से बड़कोट लौट रहा था। इसी दौरान गिनौटी गांव, यमुनोत्री रोड पर सामने से आ रही इनोवा कार संख्या UK14 TB 0477 ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना में किशन कुमार की टांग गंभीर रूप से घायल होकर फ्रैक्चर हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सड़क से नीचे जा गिरी। आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक घायल को तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया और उत्तरकाशी की ओर भागने लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर इनोवा कार को बैरिकेडिंग पर रोक लिया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सवाल इंसानियत का…
सड़क दुर्घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण होती हैं और गलती किसी से भी हो सकती है, लेकिन किसी घायल व्यक्ति को सड़क पर तड़पता छोड़कर भाग जाना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि इंसानियत के भी खिलाफ है। यदि दुर्घटना के बाद समय पर मदद मिल जाए तो कई बार किसी की जान बच सकती है।
ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि सड़क पर जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाएं दोनों बनी रहें।

ये भी पढ़ें:  श्री ईष्ट जाख देवता मंदिर पुनर्निर्माण कार्य प्रगति पर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *