सुरक्षित यात्रा हमारी प्राथमिकता, सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी, 15 जून। चारधाम यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुगम संचालन तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस लगातार जन-जागरूकता एवं वाहन चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में सोमवार को यातायात पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने वाहन चालकों एवं तीर्थयात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
प्रभारी यातायात निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी गई। टीम ने चालकों से नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने तथा पहाड़ी और संवेदनशील मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
इस दौरान तीर्थयात्रियों को भी यात्रा के दौरान मौसम की नियमित जानकारी प्राप्त करने, भारी वर्षा एवं रात्रि के समय अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई।
उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए जागरूकता अभियानों के साथ-साथ यातायात नियमों का सख्ती से पालन भी सुनिश्चित कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पंचदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *