उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
भटवाड़ी तहसील के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर एक महिला ट्रेकर के लापता होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर पुलिस, राजस्व, वन विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा
व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन सदस्यीय ट्रेकर दल 29 मई को दयारा बुग्याल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। 30 मई को दल की लगभग 30 वर्षीय सदस्य बबीता पाण्डेय के लापता होने की सूचना प्रशासन को मिली। मामले की गंभीरता
को देखते हुए तत्काल खोज अभियान शुरू किया गया।
रविवार को अभियान को और तेज करते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डॉग स्क्वॉड, ड्रोन ऑपरेटर टीम तथा आपदा प्रबंधन विभाग के जवानों को मौके पर तैनात किया गया है। इसके अलावा वन विभाग की अतिरिक्त टीमें भी दुर्गम क्षेत्रों में तलाश अभियान चला रही हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए खोज अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए। जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और महिला ट्रेकर की सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस अपील करता है कि दयारा बुग्याल एवं अन्य उच्च हिमालयी ट्रेक मार्गों पर जाने वाले ट्रेकर मौसम, सुरक्षा नियमों एवं स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन अवश्य करें।

