सीमांत गांव बरी से लोकतंत्र का संदेश: ताँदी-हारुल की गूंज के बीच मतदाता जागरूकता अभियान को मिला जनसमर्थन

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
सीमांत क्षेत्र बरी गांव में लोकतंत्र के महापर्व को मजबूत बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए। इस दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक ताँदी और हारुल नृत्य प्रस्तुत कर चुनाव आयोग एवं निर्वाचन कर्मियों का स्वागत किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

ग्रामीणों ने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। इसी उद्देश्य से गांव में जागरूकता का अनूठा माहौल देखने को मिला, जहां लोक संस्कृति और लोकतंत्र का सुंदर संगम नजर आया।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ 7 जुलाई तक प्रत्येक घर का भ्रमण कर गणना प्रपत्र वितरित करने के साथ-साथ भरे हुए प्रपत्र भी प्राप्त करेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी विवरण सही एवं अद्यतन रहें।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे बीएलओ का पूरा सहयोग करें, समय पर अपने प्रपत्र जमा करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

ये भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा में लापरवाही पड़ेगी भारी, उत्तरकाशी पुलिस का बड़ा एक्शन… अब नहीं चलेगा सड़क किनारे अतिक्रमण!


👉 याद रखें, आपका वोट केवल अधिकार नहीं बल्कि देश और समाज के भविष्य को दिशा देने की जिम्मेदारी भी है। मतदाता सूची में अपना नाम सही रखना लोकतंत्र के प्रति पहला कर्तव्य है। आइए, जागरूक नागरिक बनें और इस अभियान को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *