उत्तरकाशी। जनहित के मुद्दों और कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर उत्तरकाशी में कांग्रेस ने अपनी आवाज बुलंद की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के पर्यवेक्षक, हरियाणा युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अमित सिहाग के उत्तरकाशी पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में श्री विश्वनाथ मंदिर से भव्य ‘न्याय यात्रा’ निकाली गई।
न्याय यात्रा में गूंजे जनहित के मुद्दे
नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली न्याय यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला अपराध, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, जर्जर सड़कों, पेपर लीक, युवाओं के रोजगार और कथित वोट चोरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं के समाधान के साथ लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।
अमित सिहाग का ऐलान—गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचेगी कांग्रेस
न्याय यात्रा के समापन के बाद जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में अमित सिहाग ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव चौपाल लगाकर और बूथ स्तर पर अभियान चलाकर मतदाता सूचियों की जांच करेंगे। जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से कटे हैं, जिनके नामों में विसंगतियां हैं अथवा जिनके नाम दर्ज नहीं हैं, उनकी पहचान कर नियमानुसार सुधार और नाम जुड़वाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

सिहाग ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे ‘वोट बचेगा, तभी देश बचेगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा को अभियान का प्रमुख उद्देश्य बताया।
प्रदीप सिंह रावत बोले—हर गांव और हर बूथ तक पहुंचेगा अभियान
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि उत्तरकाशी में कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाएगा। मतदाता सूचियों की निगरानी और जनता को जागरूक करने के साथ महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क और रोजगार जैसे स्थानीय मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनता की आवाज उठाना और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। पार्टी अभियान को जनपद के प्रत्येक गांव, न्याय पंचायत और बूथ तक पहुंचाने के लिए जनजागरण कार्यक्रम चलाएगी।
कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष घनानंद नौटियाल, मनीष राणा, कमल सिंह रावत, कनकपाल सिंह परमार, विजय सेमवाल, शिशपाल पोखरियाल, विजेंद्र नौटियाल, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज पंवार, चिन्यालीसौड़ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्र रमोला, ब्रह्मखाल मंडल अध्यक्ष विनोद जयाड़ा, जिला महामंत्री जीतम सिंह रावत, नवीन सिंह भंडारी, सुधीर पंवार, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बीना साह, कमलेश मेहता, राखी राणा, मधु रावत, न्याय पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र उनियाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं सभासद मनीष पंवार सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अब गांव-गांव तक पहुंचेगी सियासी मुहिम
उत्तरकाशी जिला कांग्रेस कमेटी ने संकल्प जताया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। अब देखना होगा कि कांग्रेस का यह बूथ-स्तरीय अभियान उत्तरकाशी की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ता है।

