नशे में धुत चालक चला रहा था तीर्थयात्रियों से भरा वाहन, उत्तरकाशी पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
चारधाम यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उत्तरकाशी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुक्की टॉप के पास पुलिस ने एक बड़ा हादसा होने से पहले ही रोक दिया।
यातायात पुलिस की नियमित चेकिंग के दौरान एक टेंपो ट्रैवलर (UK 08 TA 3425) को रोका गया। जांच में चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। हैरानी की बात यह रही कि वाहन में मध्य प्रदेश के जबलपुर से आए 11 तीर्थयात्री सवार थे, जिनकी जान जोखिम में पड़ सकती थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। देर रात होने के बावजूद पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुक्की टॉप स्थित होटल में सुरक्षित ठहराया तथा संबंधित ट्रैवल एजेंसी से समन्वय कर दूसरे वाहन की व्यवस्था कराई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चारधाम यात्रा मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उत्तरकाशी पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन न चलाएं।
“पुलिस की सतर्कता से बची 11 श्रद्धालुओं की जान, नशेड़ी चालक पहुंचा सलाखों के पीछे”

ये भी पढ़ें:  मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी एस० एल० सेमवाल व एमडीडीए संयुक्त सचिव गौरव चटवाल आपदाग्रस्त क्षेत्र धराली व हर्षिल में मौजूद रहकर राहत एवं सुरक्षात्मक कार्यों को दे रहे दिशा l*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *