नशे के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख! जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दिए कड़े निर्देश

उत्तरकाशी। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी, कार्रवाई और जनजागरूकता को लेकर अपनी रणनीति तेज करने पर जोर दिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की समीक्षा बैठक में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
 सीमावर्ती क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी की सघन निगरानी की जाए। राजस्व एवं वन विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित करेंगे, जबकि जरूरत पड़ने पर पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, तहसील स्तर पर पिछले वर्षों में दर्ज विभिन्न मामलों में की गई कार्रवाई की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने और एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत सामने आने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
 केवल कार्रवाई नहीं, जागरूकता से भी लगेगी नशे पर लगाम
जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने और उनके भविष्य को सही दिशा देने के उद्देश्य से आगामी राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में करियर काउंसलिंग एवं नशा मुक्ति जागरूकता गतिविधियां शामिल करने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़ें:  पुष्कर सिंह धामी पहुंचे हर्षिल मुखवा प्रधानमंत्री नरेन्द्र की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण


इन कार्यक्रमों में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला मुख्यालय के साथ-साथ ब्लॉक स्तर पर भी जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों तक नशे के दुष्परिणामों का संदेश पहुंचाया जा सके।
 सभी विभागों की तय होगी जवाबदेही
बैठक में जिलाधिकारी ने एनकोर्ड समिति के अंतर्गत कार्यरत सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य विभागीय समन्वय मजबूत करने, कार्रवाई की समीक्षा करने और नशे के विरुद्ध चल रहे प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाना है।
 बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उपनिदेशक गोविंद वन्य जीव विहार निधि सेमवाल, उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
✍️ गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस की अपील
नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, प्रशासन और समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक को मिलकर प्रयास करना होगा। जागरूकता, समय पर सहयोग और कानून का पालन ही नशामुक्त समाज की दिशा में मजबूत कदम साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *