BRO की उदासीनता से जनता परेशान, नगर पालिका अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

उत्तरकाशी चिन्यालीसौड़
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
चिन्यालीसौड़। नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली “श्याम” ने नगर क्षेत्र में वर्षों से लंबित जनसमस्याओं को लेकर संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर समाधान न होने के कारण छोटी-छोटी समस्याएं अब जटिल रूप ले चुकी हैं और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जब किसी समस्या के समाधान के लिए समय रहते गंभीरता से निर्णय नहीं लिए जाते, तो वह नई समस्याओं को जन्म देते हुए और अधिक जटिल होती चली जाती है। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान संभव है, बशर्ते सभी संबंधित विभाग समन्वय, विवेक और जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कदम उठाएं।

उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर भूमि अधिग्रहण, अतिक्रमण, जल निकासी, सड़क सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर पालिका लगातार प्रयासरत है और जनहित के हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रही है।
अध्यक्ष मनोज कोहली ने बताया कि हाल ही में संबंधित समस्या स्थल पर BRO के अधिकारी सुमित के साथ विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग की प्रतिबद्धता को देखते हुए धीरे-धीरे ही सही, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भूमि, अधिग्रहण, अतिक्रमण, निकासी और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर और अधिक गंभीरता के साथ सहयोग करना होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जिलाधिकारी द्वारा 1 जून 2026 को संबंधित पक्षों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित के मुद्दों पर किसी भी प्रकार की उदासीनता और लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर के नागरिकों की लंबे समय तक उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी होती रही तो वे किसी भी स्तर पर अपनी नाराजगी दर्ज कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में दिया गया अल्टीमेटम अभी भी प्रभावी है और नगर हित से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
“जनहित सर्वोपरि है। नगर की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए हम प्रतिबद्ध हैं और जनता के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे।” — मनोज कोहली “श्याम”, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद

ये भी पढ़ें:  पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अनूठी पहल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *