दयारा बुग्याल में लापता महिला की तलाश जारी, रेस्क्यू अभियान में शामिल हुई नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की टीम

उत्तरकाशी।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में लापता हुई महिला की तलाश के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के समन्वय से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है।
दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए रेस्क्यू अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) उत्तरकाशी की विशेषज्ञ टीम को भी क्षेत्र में भेजा गया है। संस्थान की टीम द्वारा दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में गहन खोज अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार लापता महिला की तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, आईटीबीपी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की क्यूआरटी टीम सहित अन्य संबंधित एजेंसियों के कार्मिक लगातार जुटे हुए हैं।
प्रशासन का कहना है कि महिला की खोज के लिए सभी संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है तथा उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग किया जा रहा है। रेस्क्यू टीमों द्वारा दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों, जंगलों और ट्रैकिंग मार्गों पर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि संयुक्त प्रयासों से जल्द ही महिला का पता लगाने में सफलता मिलेगी। फिलहाल खोज एवं बचाव अभियान निरंतर जारी है।

ये भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा मार्गों पर चला वृहद स्वच्छता अभियान, भैरव घाटी से 80 किलो कूड़ा हटाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *