डीएम प्रशांत आर्य का एआरटीओ भवन पर औचक निरीक्षण, अधूरे कार्यों पर अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

उत्तरकाशी।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को निर्माणाधीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय भवन एवं ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान समयसीमा बीतने के बावजूद कई महत्वपूर्ण कार्य अधूरे पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को सभी लंबित कार्यों में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक सहित अन्य अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की चेतावनी भी दी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद परियोजना का हस्तांतरण भी जल्द किया जाए।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि एआरटीओ कार्यालय भवन और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के शुरू होने से परिवहन विभाग की सेवाएं अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से सक्षम और जनहितकारी बनेंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण कर आम जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
“विकास कार्यों में लापरवाही और शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी” — जिलाधिकारी प्रशांत आर्य

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी के नौगांव से कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *