भटवाड़ी, उत्तरकाशी। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को विकासखंड परिसर भटवाड़ी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ हुआ।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं का मिला लाभ

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 147 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां निशुल्क वितरित कीं। वहीं होम्योपैथिक विभाग ने 45 और आयुर्वेदिक विभाग ने 53 लोगों की जांच कर दवाइयां उपलब्ध कराईं। इस दौरान मधुमेह, ब्लड प्रेशर समेत अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।
पशुपालन विभाग की ओर से 30 पशुपालकों को चिकित्सा संबंधी जानकारी और दवाइयां दी गईं। कृषि विभाग ने पीएम किसान सहित अन्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई, जबकि विद्युत विभाग को नए विद्युत संयोजन के पांच आवेदन प्राप्त हुए।
ग्रामीणों को मिली विभिन्न विभागों की सेवाएं
पंचायतीराज विभाग ने शिविर में 56 परिवार रजिस्टर, 5 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, 3 यूसीसी और 3 राशन कार्ड से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराईं। श्रम विभाग ने 50 श्रमिकों की श्रमिक कार्ड संबंधी समस्याओं का निस्तारण किया तथा पंजीकृत श्रमिकों के लिए छात्रवृत्ति योजना के 50 फॉर्म और 80 कार्य निर्माण संबंधी फॉर्म वितरित किए। इसके अलावा 40 मनरेगा श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सूचना विभाग के सांस्कृतिक दल ‘संवेदना समूह’ ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
लाभार्थियों को लाखों रुपये की सहायता
शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए। रीप के माध्यम से डेयरी एवं गाय पालन के लिए मंजू देवी, मीरा रावत और विशन देई को 35-35 हजार रुपये, जबकि आटा चक्की के लिए मनोरमा देवी और बबीता देवी को 30-30 हजार रुपये के चेक दिए गए।
पशुपालन विभाग की ओर से बकरी एवं गाय पालन के लिए करण चंद और प्रमोद सिंह को 63-63 हजार रुपये, जबकि मदन लाल और जगेंद्र सिंह को 36-36 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
समाज कल्याण विभाग की ओर से शादी अनुदान के तहत सुनीता और सरोजनी को 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। दिव्यांग लाभार्थियों को कान की मशीन और छड़ी भी उपलब्ध कराई गई।
वहीं एनआरएलएम के तहत समेश्वर स्वयं सहायता समूह को 6 लाख रुपये, थाती माता एसएचजी को 2 लाख रुपये, राजराजेश्वरी एसएचजी को 1.5 लाख रुपये और भगवती एसएचजी को 75 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चल रहा अभियान
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में कुल 6 बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि शिविर का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिल रही है।
शिविर में ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, ज्येष्ठ प्रमुख मीरा कमलेश, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सीवीओ एचएस बिष्ट, सीएओ एसएस वर्मा, डीटीडीओ खुशाल नेगी, डीएसडब्ल्यूओ कुलदीप पंवार, ईई यूपीसीएल मनोज गुसाईं, बीडीओ अमित ममगई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

