उत्तरकाशी
महावीर सिंह राणा
उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत उत्तरकाशी जनपद में “स्वास्थ्य सेवा सप्ताह” का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान एवं भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि किशोर भट्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

शुभारंभ के साथ ही जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयों का वितरण, टीकाकरण, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, मुख, स्तन और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, महिलाओं एवं किशोरियों में एनीमिया की जांच, नेत्र रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग संबंधी परामर्श तथा स्वैच्छिक रक्तदान जैसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि 4 जुलाई से 18 अगस्त 2026 तक जनपद के जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चरणबद्ध तरीके से विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि शिविरों की तिथि, स्थान एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लगातार ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पहले दिन आयोजित शिविर में 428 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 98 लोगों की हाईपरटेंशन, 96 की मधुमेह, 7 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर, 15 महिलाओं की स्तन कैंसर तथा 83 लोगों की टीबी जांच की गई। साथ ही 3 लोगों की आभा आईडी भी बनाई गई।
कार्यक्रम में प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से आगामी चिकित्सा शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

