उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा–2026 के आगामी पीक सीजन को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) बड़कोट श्री चंचल शर्मा ने 27 अप्रैल 2026 को कोतवाली बड़कोट का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, सीसीटीएनएस कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क तथा कर्मचारी भोजनालय का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को सभी अभिलेख एवं सूचनाएं अद्यतन रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सीओ बड़कोट ने चारधाम यात्रा के मद्देनज़र विशेष निर्देश दिए कि थाने में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के साथ शालीन और सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, जिससे यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।

उन्होंने बीट पुलिस कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, सक्रिय रहने तथा किसी भी विवाद, झगड़े या संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तुरंत निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
इसके अतिरिक्त, चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा बड़कोट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

