उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने सुशासन, सेवा, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से राज्य में अभूतपूर्व विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में 12 से 14 जून तक ‘विकास उत्सव’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत सभी जिला मुख्यालयों में विकास प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी तथा ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा तथा उनकी सफलता की कहानियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने उत्तराखंड की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाएं राज्य के धार्मिक और पर्यटन विकास को नई दिशा दे रही हैं। इसके अतिरिक्त केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब के लिए स्वीकृत रोपवे परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी और पर्यटन क्षेत्र को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किच्छा स्थित एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। साथ ही ऋषिकेश एम्स में देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना तथा निर्यात तैयारी सूचकांक में अग्रणी राज्यों में शामिल होना राज्य की विकास यात्रा का प्रमाण है।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री राम सुंदर नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, श्याम डोभाल, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, परशुराम जगूड़ी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

