उत्तरकाशी। धनारी क्षेत्र की ग्राम पंचायत भालसी में आयोजित भव्य पांडव लीला कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विराजमान देवडोलियों के दर्शन कर देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि पांडव लीला उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है। इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी प्राचीन विरासत को संजोने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए ग्राम पंचायत भालसी एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की विशिष्ट लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, वरिष्ठ समाजसेवी प्यारचंद कुमाईं, ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह, प्रधान भटगांव ललित भट्ट, प्रधान चकोन अनिल राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।


