पहाड़ में कीवी क्रांति! 250 रुपये किलो तक मिल रहे दाम, किसानों की चमकी किस्मत

उत्तरकाशी पहाड़ की बंजर होती जमीन अब किसानों की तकदीर बदलने का जरिया बन रही है। कभी पारंपरिक खेती तक सीमित रहने वाले उत्तरकाशी के किसान अब कीवी उत्पादन के जरिए आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहे हैं।
जी हां! डुंडा ब्लॉक की गाजणा पट्टी के धौंतरी, कमद और ठांडी क्षेत्र में कीवी की खेती किसानों के लिए मुनाफे का नया रास्ता बनकर उभरी है। अनुकूल जलवायु, उद्यान विभाग का सहयोग और जायका योजना ने यहां बागवानी को नई उड़ान दी है। खास बात यह है कि किसान अब एक ही खेत से कीवी के साथ सब्जियों का उत्पादन कर दोहरा मुनाफा कमा रहे हैं। देखिए महावीर सिंह राणा की यह खास रिपोर्ट।

उत्तरकाशी के गाजणा क्षेत्र में अब खेती की तस्वीर बदल रही है। धौंतरी, कमद और ठांडी गांवों में किसानों ने तीन से चार साल पहले कीवी के पौधे लगाए थे, जो अब फल देने लगे हैं। बगीचों में लटकते कीवी के फल किसानों की मेहनत और बदलती सोच की कहानी बयां कर रहे हैं।
बाजार में कीवी के करीब 250 रुपये प्रति किलो तक दाम मिलने से किसानों को अच्छी आमदनी हो रही है। स्थानीय बाजार के साथ किसान अपने उत्पाद को ऋषिकेश और उत्तरकाशी की मंडियों तक भी पहुंचा रहे हैं।
<span;>
इस खेती की सबसे बड़ी खासियत है इसका दोहरा मुनाफा। कीवी की बेलों के नीचे खाली बची जमीन पर किसान लहसुन, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी सब्जियों का उत्पादन भी कर रहे हैं। यानी एक ही खेत से फल और सब्जी दोनों की आमदनी!
पहाड़ों में बंदरों और जंगली सूअरों से पारंपरिक फसलों को होने वाले नुकसान के बीच कीवी की खेती किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है। किसानों के अनुसार जंगली जानवरों से इस फसल को अपेक्षाकृत कम नुकसान होता है

ये भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा के सुव्यवस्थित व सुचारू संचालन के लिए सभी हितबद्ध लोगों से सहयोग करने का आग्रह


किसानों की इस सफलता को देखते हुए उद्यान विभाग भी धौंतरी क्षेत्र में कीवी क्लस्टर विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को व्यावसायिक बागवानी से जोड़ना और कीवी उत्पादन को संगठित रूप देना है।
इस पहल से स्थानीय युवाओं को भी अपने गांव में ही स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। अब रोजगार की तलाश में पलायन करने के बजाय युवा अपनी जमीन पर ही भविष्य तलाशने लगे हैं।

कुल मिलाकर गाजणा पट्टी में कीवी की खेती पहाड़ की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का एक नया मॉडल बनती दिखाई दे रही है। जरूरत है तो बस किसानों को बेहतर तकनीक, बाजार, प्रशिक्षण और विपणन की सुविधाएं उपलब्ध कराने की, ताकि उत्तरकाशी का यह क्षेत्र आने वाले समय में कीवी उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में पहचान बना सके।

ये भी पढ़ें:  मां गंगा CLF नेताला की वार्षिक आमसभा संपन्न, 960 शेयरधारकों को मिला ₹321 प्रति सदस्य लाभांश

पहाड़ की मिट्टी, किसानों की मेहनत और आधुनिक बागवानी का यह संगम साबित कर रहा है कि अगर सही दिशा और संसाधन मिलें तो गांव में रहकर भी खुशहाली की नई कहानी लिखी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *