गौचर मेले में चमके उत्तराखंड के साहित्यकार कीर्ति नवानी, मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिष्ठित सम्मान से किया सम्मानित

देहरादून।
उत्तराखंड की साहित्यिक और शैक्षिक दुनिया के लिए गौरव की खबर है। देहरादून स्थित विनसर पब्लिकेशन के संस्थापक कीर्ति नवानी को ऐतिहासिक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में प्रतिष्ठित ‘पंडित महेशानंद नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। मेले के भव्य शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
उत्तराखंड में शिक्षा, साहित्य और प्रकाशन के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय एवं निरंतर योगदान के लिए कीर्ति नवानी को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि प्रदेश में साहित्यिक चेतना, ज्ञान और पठन-पाठन की संस्कृति को आगे बढ़ाने वाले प्रयासों का भी सम्मान है।
पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में ललित प्रसाद लखेड़ा को भी मिला सम्मान
गौचर मेले के उद्घाटन समारोह में चमोली जनपद के वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को भी पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि गौचर मेले के इतिहास की जड़ें पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी हैं। लगभग 74 वर्ष पूर्व तत्कालीन प्रख्यात पत्रकार गोविन्द प्रसाद नौटियाल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से इस मेले की शुरुआत की थी। समय के साथ यह आयोजन लगातार विस्तार पाता गया और आज गौचर मेला उत्तराखंड के प्रमुख ऐतिहासिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
20 नवंबर तक चलेगा ऐतिहासिक गौचर मेला
शनिवार से शुरू हुआ 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला आगामी 20 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले के शुभारंभ अवसर पर साहित्य और पत्रकारिता जगत की प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सम्मान दिया गया।
कीर्ति नवानी को मिला यह सम्मान उत्तराखंड के साहित्यिक और प्रकाशन जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। गौचर मेले के ऐतिहासिक मंच से मिली यह पहचान प्रदेश की साहित्यिक विरासत और उसे समृद्ध करने वाले व्यक्तित्वों के महत्व को भी रेखांकित करती है।

ये भी पढ़ें:  नाल्ड कठुड से श्रीमति ज्योति राणा जिलापंचायत सदस्य पद की मजबूत दावेदार के रूप में चर्चा में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *