उत्तरकाशी पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, वर्ष 2026 में अब तक 46 तस्कर गिरफ्तार

उत्तरकाशी। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बड़कोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 220 ग्राम अवैध चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अपाचे मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ड्रग्स फ्री देवभूमि एवं नशामुक्त अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में कोतवाली बड़कोट पुलिस ने 13 नवंबर की शाम कृष्णा खड्ड के समीप चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK 07 DS 2148 (अपाचे) को रोककर तलाशी ली। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के कब्जे से 220 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश सिंह (23 वर्ष), निवासी पाणीगांव, पुरोला तथा शिवम सिंह (21 वर्ष), निवासी बिणाई, पुरोला के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली बड़कोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, नशे की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
2026 में अब तक 46 नशा तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 33 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि 46 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 62 लाख रुपये कीमत की 13.8 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त चार आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
अपर उपनिरीक्षक विक्रम सिंह
हेड कांस्टेबल बबलू खान
हेड कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह कुंवर
हेड कांस्टेबल मोहन सिंह ठाकुर
उत्तरकाशी पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

ये भी पढ़ें:  धरासू पुलिस ने गांव-गांव में जाकर जानी सीनीयर सिटीजन की कुशलक्षेम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *