बड़कोट/उत्तरकाशी |
उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने शुक्रवार को कोतवाली बड़कोट का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं, अभिलेखों, लंबित मामलों और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता, अनुशासन, जवाबदेही और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

एसपी ने स्पष्ट किया कि कोतवाली में आने वाले फरियादियों, पीड़ितों एवं आम नागरिकों के साथ विनम्र, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। शिकायती प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता से निस्तारण करने, सीसीटीएनएस कार्यों को प्रभावी बनाने तथा सभी ऑनलाइन पोर्टल और अभिलेखों को अद्यावधिक रखने पर जोर दिया गया।
त्योहारी सीजन में पुलिस अलर्ट, संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए एसपी ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। अराजक तत्वों, अवैध नशे के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग, निगरानी और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैरक निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर

कोतवाली परिसर में नवनिर्मित/निर्माणाधीन बैरक का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण में उत्तम गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जाए और कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
नई कोतवाली के भवन निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
एसपी कमलेश उपाध्याय ने कोतवाली बड़कोट के नए भवन के लिए प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित पत्रावलियों और आवश्यक पत्राचार की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर भवन निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए जरूरी कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह 2.0 के तहत आमजन को साइबर अपराधों से बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध के नए तरीकों और डिजिटल सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
लंबित विवेचनाओं, समन और वारंटों की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, समन एवं वारंटों की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण और समन-वारंट की समयबद्ध तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए कार्यों में तत्परता और जवाबदेही बनाए रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बड़कोट श्री सुभाष चंद्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री रणवीर चौहान, यातायात उपनिरीक्षक श्री वीरेंद्र पंवार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

