उत्तरकाशी |
महावीर सिंह राणा
अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी पुलिस ने पूरे जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं, स्थानीय नागरिकों और चारधाम यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विभिन्न थाना और कोतवाली क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत थाना मोरी पुलिस ने किरौली तप्पड़ में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान पुलिस ने खेलों को अपनाने, नियमित व्यायाम करने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी ली।

वहीं, कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने विश्वनाथ मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इससे दूरी बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
कोतवाली मनेरी पुलिस ने पर्यटक चौकी हिना पर चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई। दूसरी ओर, कोतवाली धरासू पुलिस ने चिन्यालीसौड़ पीपल मंडी में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और युवाओं को संबोधित करते हुए “नशे को ना, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन को हाँ” का संदेश दिया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने एंटी ड्रग्स हेल्पलाइन और नशा उन्मूलन से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए। लोगों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में हो या अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

उत्तरकाशी पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि “नशे से दूरी ही सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है। आइए, नशामुक्त उत्तरकाशी और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।”
यह अभियान समाज में नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की पहल के रूप में सराहा जा रहा है।

